मंगलवार, 9 सितंबर 2014

नैनों में सपने हैं

डॉ ज्यो त्स्ना शर्मा
 1
मिलने की आस बँधी
झूम उठी बगिया
फूलों से खूब लदी ।
2
क्यों नैन भिगोती है
बंद सदा रखना
मुट्ठी में मोती है
3
ढूँढो तो राह मिले
स्नेह सहित सींचो
खुशियों के फूल खिलें ।
4
वादे से मुकर गए
ख्वाब बहारों के
पलकों पे गुजर गए ।
5
नैनों में सपने हैं
दुर्दिन कह जाएँ -
कब?कितने?अपने हैं ।
6
दीं चोटें फूलों ने
बींध दिया मनवा
सुधियों के शूलों ने ।
7
कुछ बढ़कर अटक गए
यश पाया थोड़ा
फूले,पथ भटक गए ।
8
अनुभव ने सिखलाया
चन्दन थे, जग ने
 विषधर बन दिखलाया।
9
काँटों में कलियाँ हैं
बिटिया की बतियाँ
मिसरी की डलियाँ है ।
10
जग जान कहाँ पाया
मर्यादा भूला
मन मान कहाँ पाया ।
11
किस्से दिन -रातों के
संग खिलौने हैं
मीठी सी बातों के ।
12
रुत आनी -जानी है
सुख-दुख साथ चलें
ये रीत पुरानी है ।
13
क्या दी क़ुव्वत मुझमें
बाँट दिया रब ने
माँ ! बिटिया में , तुझमें।
 -0-




सोमवार, 8 सितंबर 2014

शुभ -सौन्दर्य

1-चोका
 ज्योत्स्ना प्रदीप

        ध्वनि शंख-सी
        आँखें मोर -पंख -सी
        एक छवि की !
        कल्पना हो कवि की,
        शुभ -सौन्दर्य
        मूक चित्रकार का ।
        आकार लिये,
        उस निराकार का ।
        सुशोभित हो
        पीत -परिधान में
        मुस्कान मानो
        मोती भरा-कटोरा
        फैला ब्राह्माण्ड
        हुँ ओर उजले
        गीता का ज्ञान
        तेरी- बाँसुरी स्वर !
        या शंख- नाद
        है समीर समेटे
        आज भी कही
        एक गोपी ढूँती
        वह विटप
        जिसके तले कान्हा
        गैया के पास
        आज भी अधलेटे
        सुने जो सुर
        अनादि -वंशी -तान
        असीम -भाग्यवान
      -0-
2- माहिया
डॉ सरस्वती माथुर
1
 तुमको जब से खोया
 मनवा जाने क्यों   
 बादल बनकर रोया l
2
मन की जब नाव चली
पुरवा -सी  यादें 
साजन  के गाँव चली l
3
चुपके-चुपके आया
चंदा बन मन में
मेरा साजन छाया l
4
नैना तोसे   लागे
साजन की खातिर
हम रातों  को  जागे l
-0-



सोमवार, 1 सितंबर 2014

भाव-धारा



1-माहिया
शशि पाधा
1
रुकती ना पहरों में
नदियाँ  जा मिलती
सागर की लहरों में ।
2
पंछी तो जाने ना
सीमा देशों की
नभ से पहचाने ना ।
3
पर्वत की धारा है
पत्थर राह मिले
मन किसने हारा है ।
4
निज पौरुष आँक  लिया
मेघों ने ढाँपा
सूरज ने झाँक लिया ।
5
पथ -पथ में नूर भरे
नन्हा जुगनू भी
अँधियारा दूर करे ।
6
पुरवा ले आती है
खुशबू  चंदन की
कण-कण महकाती है ।
7
सुख- दिन की आस करो
अपने हाथों पर
कुछ तो विश्वास करो ।
8
इच्छाएँ  सपनों सी
पूरी हों न हों
संग रहती अपनों सी ।
9
इन मौन इशारों ने
दरिया बाँध लिये 
दो शान्त किनारों ने ।
10
हाथों की रेखा है
बनती - मिटती है
कर्मों का लेखा है ।
11
कुछ और न कहना है
उमड़े भावों की
धारा में बहना है
-0-
2-ताँका
सविता अग्रवाल "सवि"
1
नीला अम्बर
खुशनुमा मौसम
बहारों  संग
उड़ कर चली वो
भरने नव रंग ।
2
शाखाएं  झुकी
करने को नमन
पत्ते भी हिले
देने सलामी स्वयं
हवा के झोंकों संग
3
ऊँचा पहाड़
मंदिर की घंटियाँ
अनोखी छटा
पथ हुए बीहड़
पर मन है दृढ़ ।
4
गंतव्य दूर
अनजानी- सी राहें
रात अँधेरी
चिराग की रोशनी
दिशाओं का संकेत ।
5
महानगर
भीड़ ही भीड़ यहाँ
भागते सभी
रास्ते में भीड़ भारी
समय न है यहाँ ।
-0-


-0-

सोमवार, 25 अगस्त 2014

नभ में मेघा छाए

माहिया - सुदर्शन रत्नाकर

1
लो सावन आया है
बिन माँगे ही वो
सौग़ातें लाया है ।
2
जब मेघ बरसता है
मन साँवरिया से
मिलने को तरसता है ।
3
बूँदें जब गिरती हैं
प्यास बुझाने को
आकुल हो फिरती हैं
4
सावन तो आया है
मेघ नहीं बरसे
जीवन मुरझाया है ।
5
नभ में मेघा छाए
नाचे मन  हर पल
तुम जो अँगना आए
-0-

पेड़ बाँह पसारे


1-चोका
सविता मिश्रा  
व्याकुल धरा
मिलने को उत्सुक
श्याम मेघ से
सजके  है तैयार
बदरिया भी
झूम बरसने को
उत्सुक होती
पेड़ बाँह पसारे
खड़े आस में-
झमाझम बरसे
लहलहाए
बारिद के जल से
अपने ताप
धो कर है निखरे
अंग प्रत्यंग
झूमे भर उमंग
हर्षित हुए
पेड़-पौधे  जीव भी
रौनक पाएँ
हरी चादर बिछी
रोम-रोम पुलकें ।
-0-
2-सेदोका
सविता अग्रवाल  सवि
1
गुलाबी गाल
नन्ही ,प्यारी गुड़िया
होठों पर मुस्कान
खोले अधर
न बोले कोई बात
मनवा भरे हास ।
2
पत्तों का प्रेम
नेह में भीग कर
शाख शरमा गई
सुमन खिले
पाँखुरी का पराग
भौरें पी गए सभी
-0-
ताँका


रेनु चन्द्रा

1

 कठिन राहें
 चुभते पाँवों शूल
 चलो पवन
 तुम झूम झूम के
 गम जाएँगे भूल ।
2
कड़ी धूप है
गर्मी का है आतंक
 जलते पाँव
 होते यदि वृक्ष तो
मिलती ठण्डी छाँव ।
-0-