गुरुवार, 9 नवंबर 2023

1149

 

सचेन का डर

भीकम सिंह 

 


      यह घना जंगल, नीला - नीला आसमान,  अनजान अनसुने पक्षियों का कलरव, पाखोला हैंगिंग ब्रिज का कंपन, तुरई की बेल जैसी बेल पर खिलखिलाकर हँसता स्क्वैश,  तून , महोगनी, ओखर के पेड़, पौधे, अंकुर.....सभी के अपने शब्द, आनन्द, कोलाहल । बस एक टुकड़ा जमीन ही दिखाई दी थी हमें टैंट लगाने के लिए, हम आसमान का रुख देखकर आनन्दित हो उठे। यह हमारा सिक्किम गोचा- ला ट्रैक का पहला कैम्प 'सचेन' है  ।

   सचेन के ऊपरी छोर पर कंचनजंघा अभ्यारण्य की जानकारी हुई, तो  जंगली जानवरों की आशंका हुई । जंगली जानवरों को भी कोई रोक सका है ? किन्तु ट्रैकर भी हठीले भैंसे की तरह अपने अरमानों को पूरा करने के लिए निरंतर जोखिम उठाते रहते हैं । डरावनी बात आते- आते कई बार अन्दर ही ठहर गई, परन्तु मैं हार नहीं माना । मैंने गाइड से पूछ ही लिया, " यदि रात में टाइगर आ जाए तो ?"

     मेरे चेहरे के डर को देखकर गाइड हँसा, फिर बोला,  "सर ! आपका टैंट टाइगर की बस्ती से कुछ ही दूरी पर लगा है। टैंट के बाहर खड़े होने से टाइगर दिख जाता है,परन्तु शरारती नटखट बच्चे की तरह थोड़ा डराकर खुद- बखुद अपने रास्ते चला जाता है। सिक्किम में किसी ने उसे शत्रु नहीं माना ।

रात भर मैं सो नहीं पाया,  बेशुमार आशंकाए उठती रहीं । कहीं टाइगर वाकई न आ जाए। ठिठुरन भरी हवा से रह रहकर सिहर उठता। शरीर में थकावट से ताकत नहीं बची, चाँद अपनी जगह टिका है, सूर्य कब दिखलाई देगा, पेड़ काले- काले होकर घिरे खड़े हैं। मैं टैंट में ही बीच बीच में टॉर्च का बटन दबा देता हूँ । तभी बराबर वाले टैंट से बातचीत सुनाई दी,  मैंने टॉर्च स्थायी रूप से बुझा दी। स्लीपिंग बैग से निकलकर संजीव वर्मा ने कहा, ‘‘सवेरा हो गया भाई साहब! "

    थोड़ी देर में चाय आ गई।  चाय की चुस्की लेते हुए मैं बोला,  " सचेन का डर बड़ा था ,हमेशा याद रहेगा ।

                नींद मुकरे 

           जब डर को खोंसे 

                 रात उतरे ।

 

-0-

7 टिप्‍पणियां:

Sonneteer Anima Das ने कहा…

बहुत ही सुंदर सर 🙏😊🌹

dr.surangma yadav ने कहा…

बहुत सुंदर सर।

Krishna ने कहा…


बहुत सुंदर!

भीकम सिंह ने कहा…

मेरा हाइबन प्रकाशित करने के लिए सम्पादक द्वय का हार्दिक धन्यवाद और टिप्पणी करने के लिए आप सभी का हार्दिक आभार।

डॉ. जेन्नी शबनम ने कहा…

बहुत सुन्दर हाइबन। बधाई भीकम सिंह जी।

डॉ. पूर्वा शर्मा ने कहा…

बढ़िया हाइबन
बधाई आदरणीय

प्रियंका गुप्ता ने कहा…

बहुत सुंदर हाइबन , हार्दिक बधाई